अयोध्या। नवंबर माह के आखिरी दिनों में ठंड पड़नी शुरू हो गई है। वहीं, कोहरे ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह पड़ रहे घने कोहरे के कारण सड़क हादसों में भी इजाफा होने लगा है।
इस सप्ताह में अब तक कोहरे के चलते दो हादसे हो चुके हैं। इनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। वहीं करीब 34 गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
इसको देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर निगम, एनएचआई व पीडब्ल्यूडी को आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। वहीं यातायात पुलिस द्वारा भी वाहनों पर पीली लाइट, रिफलेक्टर आदि लगाने की अपील की जा रही है।
दिसंबर व जनवरी माह में घना कोहरा पड़ने के कारण सड़क हादसों में वृद्धि हो जाती है। इसका मुख्य कारण दृश्यता कम होने के कारण आगे दिखाई न देना तो होता ही है, इसके साथ ही हाईवे पर सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहन, अवैध कट, वाहनों के पीछे रिफलेक्टर न लगा होना, डिवाइडर या मोड़ पर कैट आई व सफेद पट्टी का न होना भी हादसे की संख्या में इजाफा करता है। हालांकि इससे बचाव के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक इंतजाम कराना शुरू कर दिया है।
जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने नगर निगम, एनएचआई व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों संग बैठक कर उन्हें हाईवे पर विशेषत: हॉट स्पॉट वाले इलाकों में कैट आई, सड़क किनारे सफेद रंग की रेडियम पट्टी, बल्ब की तरह जलती दिखाई पड़ने वाली रेड कलर की रंबल स्ट्रिप समेत अन्य इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर करीब 45 जगह बने अवैध कट को भी बंद करने को कहा है। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा के अनुसार सडक़ पर चलने वाले वाहनों को आगे पीछे दोनों तरफ रिफलेक्टर लगाने, वाहन चलाते समय फाग लाइट का प्रयोग करने के साथ सड़क किनारे वाहन न खड़ा करने की अपील की जा रही है। इसके लिए यातायात पुलिस के साथ स्थानीय थाना व चौकी पुलिस की टीम को लगाया गया है।
सड़क किनारे खड़े वाहनों पर हो रही कार्रवाई
सीओ यातायात अरविंद चौरसिया ने बताया कि अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर सड़क व ढाबों के किनारे खड़े वाहन हादसों का सबब बनते हैं, जो कोहरे में और खतरनाक होती है। इसको लेकर टीम बनाकर कार्रवाई की जा रही है। बताया कि सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाने के लिए टीम बनाई गई है, जिसने अपना कार्य शुरू कर दिया है। ढाबे मालिकों को जागरूक करने के साथ ही चेतावनी भी दी जा रही है कि वो किसी भी कीमत पर अपने ढाबे के आसपास सड़क पर कोई वाहन खड़ा न होने दें। बताया के शहर के चार हॉट स्पॉट (दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र) समेत जिले के करीब 12 हॉट स्पॉट पर कैट आई, रेडियम पट्टी, रेड कलर कीरंबल स्ट्रिप आदि लगाया जा रहा है। इसके अलावा कोहरे के दौरान लोगों को फाग लाइट लगाने व धीमी गति से वाहन चलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।