बीकापुर। कांवड़ यात्रा को लेकर तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार दोपहर चौरे बाजार में हाईवे के किनारे अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कराया।
मीट व मुर्गे की दुकानें हटाने के दौरान दो युवतियों ने महिला आरक्षियों पर मिट्टी का तेल उड़ेलकर जलाने का प्रयास किया। रोकने पर हमलावर दोनों युवतियां महिला आरक्षियों से भिड़ गईं।
हमले में चार महिला आरक्षी जख्मी हो गईं। जिन्हें मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इसके साथ ही दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
तहसील प्रशासन के साथ पुलिस की टीम शनिवार दोपहर चौरे बाजार में हाईवे के किनारे अतिक्रमण कर लगाई गई दुकानें हटवाने पहुंची थी। इसकी शिकायत चौरे चंदौली निवासी दिलीप कुमार ने की थी।
दिलीप का आरोप है कि उनकी दुकान के बगल में और सामने इब्राहिम सहित अन्य लोगों ने हाईवे किनारे अतिक्रमण करके मुर्गा व अंडे सहित अन्य दुकानें खोल ली हैं।
अतिक्रमण हटाने के दौरान मुक्तासा व तइबा पुत्री रमजान निवासी भरहू खाता चौरे बाजार ने टीम का विरोध किया। आरोप है कि मुक्तासा व तइबा ने जान से मारने की नियत से राजस्व व पुलिस टीम पर मिट्टी का तेल उड़ेल दिया और माचिस की तीली जलाकर फेंकना शुरू कर दिया।
महिला आरक्षी विनीता यादव, मेनका गौतम, अंजली मौर्य और रिंकी यादव ने दोनों को रोकना चाहा। इस पर दोनों ने महिला आरक्षियों से मारपीट शुरू कर दी और दांत से काट लिया।
इसके बाद दोनों ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास भी किया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। प्रभारी कोतवाली अश्विनी कुमार ने बताया कि हमले में जख्मी महिला आरक्षियों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों आरोपी युवतियों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
उपजिलाधिकारी लव कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर हाईवे के किनारे से अतिक्रमण और मीट की दुकानें हटाने के लिए अभियान शुरू किया गया था। इसी दौरान बवाल हुआ।
अतिक्रमण हटाने के दौरान एसडीएम के साथ तहसीलदार दिग्विजय सिंह, सीओ अजय राय, कोतवाली पुलिस के साथ मोतीगंज, चौरे बाजार पुलिस चौकी प्रभारी, तारुन थानाध्यक्ष वीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। हंगामा होने पर यूपी-100 की कई पीआरवी भी मौके पर पहुंची थीं। लोगों को चेतावनी दी गई है कि वह खुद अपना अतिक्रमण हटा लें।