पटरंगा में अतिक्रमण हटाती जेसीबी।
- फोटो : FAIZABAD
पटरंगा। सड़क के किनारे अवैध रूप से बनी दुकानों को शनिवार को जेसीबी की मदद से हटाया गया। ये अतिक्रमण हटाओ अभियान रुदौली तहसील क्षेत्र के मवई चौराहा पर मवई रोड के विस्तारीकरण को लेकर चलाया गया। वहीं, कार्रवाई के दौरान एक महिला ने मौके पर आत्महत्या करने का प्रयास किया, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उसे बचा लिया।
मवई-पटरंगा मार्ग का विस्तारीकरण होने के कारण लोकनिर्माण विभाग ने पटरी के सभी दुकानदारों को दुकानें हटाने के लिए पहले ही नोटिस दे दिया था। शनिवार को रुदौली उपजिलाधिकारी विपिन कुमार सिंह ,पुलिस क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र यादव व मवई थाना प्रभारी आरके राणा के साथ लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में पटरी के किनारे स्थित छोटी-बड़ी दुकानों को जेसीबी की सहायता से हटाया। इस दौरान दुकानदार अधिकारियों के आगे हाथ जोड़ कर गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ।
रुदौली उपजिलाधिकारी विपिन कुमार सिंह ने बताया कि सड़क विस्तारीकरण की कार्रवाई की जा रही है। सड़क किनारे अवैध कब्जा करने वालों को पहले नोटिस दिया गया था लेकिन उन्होंने अवैध कब्जा खाली नहीं किया, मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ी। इन दुकानदारों को कही विस्थापित करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा कोई नियम नहीं है।
कार्रवाई से तंग महिला ने किया आत्महत्या का प्रयास
मवई चौराहा स्थित सड़क किनारे मैसर जहां पत्नी तौहीद अस्थाई ईंट की दीवार पर टिन शेड रखकर अपना जीवन यापन कर रही थी। टीम ने उसका निर्माण भी ढहा दिया। कार्रवाई से नाराज होकर पहले उसने वहां मौजूद अधिकारियों को भला-बुरा कहा। उसके बाद वापस जाकर दरवाजे के पास लगी बल्ली में अपना दुपट्टा गले में डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। यह देख मौजूद पुलिस कर्मियों के हाथ-पैर फूल गए। आननफानन गले से फंदे हटाकर उसे बाहर लाया गया। रुदौली पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. धर्मेंद्र यादव ने ऐसी घटना होने सेक इनकार किया। पटरी से पुलिस बूथ को हटाने को लेकर जब पूछा गया तो बताया कि नियम के अनुसार बूथ को पीछे खिसका कर बनाया जाएगा।