सोहावल। बैंक ऑफ बड़ौदा सुचितागंज शाखा के हजारों खाताधारक पिछले एक महीने से अपने ही पैसों के लिए जूझ रहे हैं। दिन भर बैंक में समय बर्बाद करने के बाद भी खाताधारकों को बैरंग लौटना पड़ता है।
लगभग 60 हजार से ऊपर बचत खाता वाले बड़ौदा बैंक की यह शाखा लीड बैंकों में गिनी जाती है। ऋण खाता, करेंट एवम सीसी एकाउंट सहित यहां खाता धारकों की संख्या अन्य बैकों की अपेक्षा सर्वाधिक है।
सुबह से शाम तक बैंक से लेनदेन करने वालों की भीड़ कभी कम नहीं होती। कर्मचारी केवल सरवर न होने का कारण बताकर पल्ला झाड़ लेते हैं।
हालत यह है कि बैंक का भुगतान चालू रखने के लिए शाखा प्रबंधक को नेफ्ट कराने जिला मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। आये दिन कर्मचारियों और बैंककर्मियों की नोकझोंक होती है।
गुरुवार को बैंक की कार्यपद्धति से नाराज अजय कनौजिया रौनाही, कमल अहमद शेखपुर जाफर, शाइस्ता मंगलसी आदि ने आरोप लगाया कि बैंक का पासबुक प्रिंटर काफी दिनों से खराब है, कर्मचारी बैलेंस तक नहीं बताते।
ऋण लेने वालों को महीनों दौड़ाया जाता है। शाखा प्रबंधक गोपाल अग्रवाल ने बताया कि बीएसएनएल की नेटवर्किंग लाइन में खराबी के कारण समस्या आ रही है। दूसरे ब्रॉडबैंड के नेटवर्क के लिए प्रयास किया जा रहा है।