सोहावल। टोल प्लाजा तहसीनपुर से होकर शुक्रवार सुबह अयोध्या की ओर जा रहे जज तूफानी प्रसाद की कार को एक ट्राले ने टक्कर मार दी। हादसे में गनीमत रही कि जज बाल-बाल बच गए लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची रौनाही पुलिस ने ट्रॉला को कब्जे में लेकर जज को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया।
लखनऊ से चलकर अयोध्या उपभोक्ता फोरम न्यायालय जा रहे जज तूफानी प्रसाद की कार टोल बूथ पर पहुंचने से कुछ मीटर पहले जाम में फंसकर रुक गई।
पक्की सड़क के किनारे कच्ची पटरी में बड़े-बड़े गड्ढे होने के नाते कार चालक ने गाड़ी नीचे नहीं उतारी और तभी पीछे से आ रहे ट्रॉला के चालक ने जल्दबाजी में न्यायाधीश की कार को चालक की ओर से टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कार में सवार जज बाल-बाल बच गए।
सूचना पाकर पहुंचे एक उपनिरीक्षक व टोल पुलिस ने जांच कर आरोपी ट्रक को कब्जे में लेकर न्यायाधीश को सुरक्षित आगे की यात्रा के लिए रवाना किया। न्यायाधीश टी प्रसाद ने बताया कि टोल के पास पटरियों पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से दुर्घटना हुई। इस अव्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी और जिला जज से शिकायत की जाएगी।