बड़ागांव। रौनाही थाना क्षेत्र में अरकुना चौराहे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रहे साइकिल सवार एक अधेड़ को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राजेंद्र वर्मा (52) निवासी सरायनामू अपने एक रिश्तेदार की तेरहवीं में भाग लेने के बाद साइकिल से घर लौट रहा था। तभी सोमवार रात करीब 8:30 बजे अरकुना चौराहे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते समय अयोध्या से लखनऊ की ओर जा रहे एक चार पहिया वाहन ने उसे रौंद दिया।
रौनाही पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय पहुंचाया। ग्राम प्रधान हरिचंद्र वर्मा ने बताया कि हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया लेकिन उसने भिटरिया के पास ही रास्ते में दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी रौनाही दीपेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।