भेलसर। रुदौली-सैदपुर मार्ग पर शारदा सहायक नहर के निकट गुरुवार रात बाइक सवार दो युवक अनियंत्रित होकर फसल को जानवरों से बचाने के लिए खेत के किनारे लगे कटीले तार से जा टकराए। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों का गला व पेट बुरी तरह कट गया और दोनों की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम इसरौलिया मजरे फिरोजपुर मख्दूमी निवासी सुरेंद्र कुमार (19) पुत्र राम लखन अपने रिश्तेदार सुखराम (20) पुत्र रामचंद्र निवासी ग्राम सुल्तानी पुरवा थाना दरियाबाद के साथ गुरुवार रात बाइक से शुक्लापुर गांव में एक निमंत्रण में शामिल होने जा रहे थे।
रात करीब 9 बजे रुदौली-सैदपुर मार्ग पर शारदा सहायक नहर पुल के निकट मार्ग के किनारे लगे पेड़ से टकराने के बाद वह खेत में लगाए गए कटीले तार की चपेट में आकर बाइक सहित गड्ढे में जा गिरे। कटीले तार की चपेट में आने से बाइक सवार दोनों युवकों का गला व पेट कट गया। गंभीर रूप से घायल दोनों बाइक सवार रातभर ठंड में खुले आसमान के नीचे गड्ढे में ही पड़े रहे और उनकी मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने गड्ढे में पड़े दोनों शव को देखा तो इसकी सूचना पुलिस व मृतक के परिवारीजनों को दी। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी कृष्णकांत यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। बताया कि दोनों युवकों को कटीले तार से गहरी चोट आईं हैं। रात में सहायता न मिलने से वह खेत के किनारे गड्ढे में पड़े रहे, जिससे उसकी मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है।