रौजागांव। रुदौली कोतवाली क्षेत्र में रौजागांव ओवरब्रिज पर दोहरीघाट से दिल्ली जा रही रोडवेज की आजमगढ़ डिपो की बस में रविवार रात 8 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। आपाधापी में कई यात्री बस की खिड़कियों से कूद गए।
चालक व परिचालक भी सुरक्षित हैं। हालांकि हादसे में यात्रियों का सामान राख हो गया। बस में 39 मुसाफिर सवार थे। जानकारी मिलते ही एडीएम व एसडीएम भी मौके पर पहुंचे।
रौजागांव ओवरब्रिज पर रविवार रात दोहरीघाट से दिल्ली जा रही आजमगढ़ डिपो की बस में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में बस आग का गोला बन गई। बस के चालक रामशंकर ने बताया कि बस की गति भी ज्यादा नहीं थी।
अचानक बस के आगे इंजन के बाएं हिस्से में आग लग गई। आग लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई। 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी गई। परिचालक रहमतुल्लाह ने बताया कि बस में 39 लोग सवार थे। सभी सुरक्षित हैं। हालांकि सभी का सामान जलकर राख हो गया है।
सूचना पर कांस्टेबल अवनीश यादव व दीपक मौके पर पहुंचे और सभी यात्रियों को बचाया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। वही घटना की वजह से अयोध्या-लखनऊ लेन पर लंबा जाम लग गया है।
एडीएम संतोष सिंह व एसडीएम विपिन सिंह भी मौके पर पहुंचे। दूसरी बस की व्यवस्था कर यात्रियों को गंतव्य को भेजा गया। एसडीएम विपिन सिंह ने बताया कि हादसे में बस में सवार सभी लोग सकुशल हैं।
112 पुलिस का सराहनीय कार्य
मोहम्मद असलम, अंकुर गुप्ता, सुधांशु लखनऊ जा रहे थे। उन्होंने बताया कि 112 पुलिस की वजह से ही हम सकुशल हैं। परिचालक रहमतुल्लाह ने बताया कि 112 पुलिस के कांस्टेबल अवनीश यादव व दीपक ने हम सबको बचा लिया, नहीं तो बड़ी क्षति हो सकती थी। कांस्टेबल अवनीश यादव ने बताया कि हम लोग एक घटना की सूचना मिलने पर रौजागांव ब्रिज के पास ही थे। जैसे ही लोगों की चीख सुनी, मौके पर पहुंच गए।