गन्ना लदी ट्राली के पलटने से कार दबी।
- फोटो : FAIZABAD
पटरंगा। थाना क्षेत्र पटरंगा के सिठौली गांव के पास गन्ना लदी ट्रॉली अचानक पास से गुजर रही कार पर पलट गई। हादसे में कार सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद कार सवार चालक को शीशा तोड़कर निकाला गया, जिसे इलाज के निजी साधन से अस्पताल भेजवाया गया।
शनिवार शाम को धमौरा व पूरे शाहलाल मार्ग पर पटरंगा थाना के सिठौली गांव के सामने एक गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली रौजगांव चीनी मिल जा रही थी। अचानक ट्रैक्टर रोड किनारे गड्ढे में चला गया व बगल से गुजर रही कार व एक साइकिल सवार पर ट्रॉली पलट गई।
आसपास के लोगों ने पुलिस व एंबुलेंस को सूचना देने के बाद कार के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए उपाय खोजने लगे। जब कुछ नहीं समझ में आया तो गन्ने को हटा कर कार के शीशे को तोड़ दिया, तब उसके अंदर चालक फंसा हुआ नजर आया।
चालक को कार से बाहर निकाला गया और उसे निजी साधन से सीएचसी मवई भेजवाया गया। कार चालक की पहचान महमूद अहमद निवासी खामोली थाना टिकैत नगर जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है। वहीं साइकिल सवार पूरे काजी गांव का निवासी था, जो साइकिल को छोड़ कर भाग गया था। हाईवे चौकी प्रभारी दीपेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि घायल कार चालक को अस्पताल भेजा गया है। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।