पूरा बाजार। थाना महाराजगंज क्षेत्र के पुलिस चौकी पूरा बाजार अंतर्गत जलालुद्दीन नगर के एक घर में चूल्हा जलाते समय गैस लीक होने से आग लग गई। इसमें एक युवती झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पूरा बाजार अंतर्गत जलालुद्दीन नगर गांव की निवासी सोनी (24) पुत्री जगन्नाथ ने रविवार सुबह खाना बनाने के लिए गैस का चूल्हा जलाया तो गैस लीक होने की वजह से आग लग गई। सोनी की भाभी सुमित्रा ने बताया कि सोनी खाना बना रही थी।
गैस बंद करके बाहर चली गई लेकिन गैस ठीक से बंद नहीं हुई थी, दोबारा जैसे जलाया वैसे आग लग गई। गैस के पास में ही रखे कपड़ों में भी आग लग गई और आग की चपेट में आकर सोनी बुरी तरह से जल गई।
सुमित्रा ने बताया कि उसने गोहार लगाई तो पड़ोसियों ने इकट्ठा होकर आग पर काबू पाया और आग से जली सोनी को जिला चिकित्सालय ले गए। चौकी प्रभारी पूरा बाजार प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल से मिली सूचना के अनुसार सोनी की हालत गंभीर है। इलाज चल रहा है।