अयोध्या-सोमनाथ से दौड़ लगाकर अयोध्या पहुंचे युवक का स्वागत करते ट्रस्ट के पदाधिकारी व महापौर
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। देश में आस्था एवं भक्ति के अलग-अलग रंग हैं। भक्त विभिन्न तरीकों से अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हैं। इसी क्रम में सोमनाथ से दौड़ते हुए एक युवक गुरुवार को अयोध्या पहुंचा। गुजरात निवासी करीब तीस वर्षीय युवक घनश्याम ने स्वयं की प्रेरणा से 30 मार्च को उसने सोमनाथ मंदिर का दर्शन करने के बाद दौड़ शुरू की थी, 23 दिन की यात्रा के बाद वह अयोध्या पहुंचा।
घनश्याम प्रतिदिन 15 घंटे दौड़ लगाते थे। एक दिन में 70 से 80 किमी. की दौड़ करते रहे। सोमनाथ से शुरू हुई उनकी यह यात्रा 24 वें दिन गुरुवार को अयोध्या पहुंची। अयोध्या पहुंचने पर कारसेवकपुरम में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय व ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र सहित महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने घनश्याम को मंदिर मॉडल का स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इनके साथ सूरत के फिजियोथैरेपिस्ट डॉ.दीपक सैनी भी हैं। इस दौड़ का मार्गदर्शन व अन्य सहयोग के लिए एक अन्य कार्यकर्ता गौरव भी उनके साथ हैं। जो चार पड़िया गाड़ी लेकर उनके साथ-साथ आए हैं।