रामजन्मभूमि परिसर में क्रासिंग टू पर चेकिंग के बाद दर्शन के लिए जाते समय एक दर्शनार्थी शिक्षक की ह्रदयाघात से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक अमरनाथ पांडेय श्रीमती कौशल्या देवी हाईस्कूल जगदीशपुर परसाई, थाना-बांसगांव, जिला गोरखपुर के अध्यापक थे।
वह अन्य सहयोगी अध्यापकों के साथ विद्यालय के करीब सौ बच्चों को दर्शन कराने के लिए मंगलवार की शाम अयोध्या आए थे। उसी विद्यालय के दूसरे अध्यापक रामबाबू पांडेय ने बताया कि बुधवार सुबह दस बजे सभी अध्यापक बच्चों को लेकर रामजन्मभूमि गए।
इस दौरान क्रासिंग टू पर चेकिंग के बाद जैसे ही वह रामजन्मभूमि परिसर में प्रवेश के लिए आगे बढ़े तो अचानक गश खाकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल श्रीराम अस्पताल में पहुंचाया गया जहां तैनात चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।