सावन झूला मेला के मुख्य पर्व पूर्णिमा स्नान के लिए रामनगरी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने के साथ ही प्रशासन ने चौकसी तेज कर दी है। पूर्णिमा स्नान पर सुरक्षा व व्यवस्था के लिए शुक्रवार की शाम मेला कंट्रोल रूम में अधिकारियों ने कई राउंड बैठक की।
मातहत पुलिस व पैरामिलेट्री फोर्स अधिकारियों की ब्रीफिंग व डी-ब्रीफ्रिंग की गई और पर्व को सकुशल निपटाने के लिए टिप्स दिए गए। भीड़ के दबाव को देखते हुए रूट डायवर्जन के साथ सरयू में डूबने की घटनाओं पर लगाम तथा घाटों पर भीड़ को संभालने के लिए विशेष चौकसी के निर्देश दिए गए हैं।
निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे तथा एंटी टेरेरिस्ट सेल के कमांडो को सक्रिय कर वाच टावरों को चालू कर दिया गया है।
लगभग एक पखवारे से सावन झूला मेला को सकुशल संपन्न कराने की कवायद में जुटे पुलिस व प्रशासन ने मेला के अंतिम पर्व सावन पूर्णिमा स्नान को सकुशल निपटाने के लिए कवायद शुरू कर दी है।
पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर जिले के पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने संबंधित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर मातहतों की गतिविधियों व व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने को कहा।
वहीं खुफिया महकमे के कर्मियों व स्पाटर दस्ते को संदिग्ध गतिविधि व वस्तु की निगरानी के लिए निर्देशित किया। श्रद्धालुओं की संख्या पर निगाह रखते हुए मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन की व्यवस्था को बनाए रखने के निमित्त आवश्यकता पड़ने पर मठ-मदिरों के मार्ग में लगाई गई बैरीकेडिंग तथा बकेट को इस्तेमाल करने और मार्ग पर भीड़ का दबाव कम करने के लिए मेला क्षेत्र में आवागमन वन-वे ट्रैफिक करने तथा अवरोधों पर सक्रियता बनाए रखने की हिदायत दी।
इसके बाद मेला कंट्रोल रूम पहुंचे अधिकारियों ने पुलिस-प्रशासन व पैरामिलेट्री तथा खुफिया महकमे व अन्य दस्तों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर ब्रीफिंग की और तैयारियों के बाबत सभी से विचार लेने के बाद डीब्रीफिंग की गई।
मेला के सुरक्षा प्रभारी एसपी सिटी आरएस गौतम तथा प्रशासन के प्रभारी एडीएम सिटी रामनिवास शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ पर निगाह रखी जा रही है। मेला ड्यूटी में आए अधिकारियों व कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारी बता दी गई है।
मेला क्षेत्र में दो पहिया, चार पहिया व रिक्शा आदि का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। वाच टावर समेत अन्य व्यवस्थाएं चालू कर दी गई हैं।