अयोध्या। थाना हैदरगंज पुलिस ने 10 हजार के एक इनामिया अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के ऊपर जिले के विभिन्न थानों में लूट, चोरी समेत अन्य कई मामलों में 11 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके ऊपर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी, इस मामले में वह बीते चार माह से फरार चल रहा था।
एसपी देहात शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना हैदरगंज प्रभारी अवनीश चौहान व स्वॉट टीम द्वारा रविवार रात कोरो राघवपुर मोड़ के पास से शातिर बदमाश राजेश वर्मा निवासी मान कापुरवा मछियाना थाना हैदरगंज को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से एक तमंचा व दो कारतूस भी बरामद हुए।
बताया कि आरोपी के ऊपर चोरी, लूट, हत्या के प्रयास समेत अन्य आरोप में थाना हैदरगंज में 8 व थाना रौनाही में 3 मुकदमे दर्ज हैं। करीब चार माह पूर्व थाना हैदरगंज पुलिस द्वारा उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी, तक से वह फरार चल रहा था। एसएसपी ने उसके ऊपर 10 हजार का इनाम भी घोषित किया था। बताया कि आरोपी का एक संगठित गिरोह है, जिसका सरगना वह स्वयं है। उसके गैंग के तीन आरोपियों की अभी तलाश की जा रही है।