अयोध्या। रौनाही थाना के सत्ती चौरा चौकी क्षेत्र के हाजीपुर के मजरे अंबरपुर में तलाक शुदा महिला से मिलने आए प्रेमी की महिला के परिजनों ने पिटाई कर दी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
इसी बीच महिला के देवर के हाथ में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे उसकी हथेली उड़ जाने से वो गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया है। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से छह लोगों को हिरासत में लिया है।
गांव निवासी महिला का पति से तलाक हो गया है। वह अपने ससुराल वाले घर के एक हिस्से में ही रहती है। हाजीपुर निवासी प्रेमी शशांक तिवारी के महिला के कमरे में मौजूद होने की शंका गुरुवार रात उसे तलाक देने वाले पति अली अहमद को हुई।
इसके बाद उसका भाई मेराज अहमद व परिवार के अली, भल्ली, इश्तियाक आदि लोग एकत्र होकर शशांक तिवारी को पकड़कर उसको पीटने लगे। सूचना पाकर शशांक के गांव के भी तमाम लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस भी आ गई।
आरोप है कि दोनों पक्षों में पत्थरबाजी हुई। इसी बीच पुलिस की मौजूदगी में ही मेराज अहमद हाथ में बम लेकर शशांक पर हमला करने लगा, लेकिन उसके हाथ में ही विस्फोट हो गया और उसकी हथेली उड़ गई।
गंभीर रूप से घायल मेराज को पुलिस ने सीएचसी सोहावल पहुंचाया। जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया। कोतवाल रौनाही अक्षय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।