फैजाबाद (ब्यूरो)। नगर कोतवाली क्षेत्र में नाका स्थित मॉडल शॉप पर रविवार रात नशे में हंगामा कर रहे चार युवकों ने होमगार्ड का डंडा छीनकर चीता मोबाइल के सिपाही की धुनाई कर दी। इसके बाद सिपाही का वायरलेस सेट छीनकर कार से भाग गए। सिपाही व होमगार्ड वहां लेनदेन को लेकर हो रहे झगड़े की खबर पर पहुंचे थे।
बताया गया कि कार सवार चार युवक रविवार रात नाका स्थित मॉडल शॉप पहुंचे और शराब पी। लगभग सवा दस बजे जब युवक उठकर जाने लगे तो मॉडल शॉप के सेल्समैन ने भुगतान करने को कहा। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने पैसा देने से इंकार कर दिया और विरोध करने पर झगड़ा करने लगे। इसी बीच किसी ने पुलिस को खबर दे दी। जिस पर चीता मोबाइल का सिपाही शिवेंद्र सिंह हमराही होमगार्ड इकराम के साथ मॉडल शॉप पर पहुंच गया। सिपाही ने बीचबचाव की कोशिश की तो झगड़ा कर रहे युवक उससे भिड़ गए। एक युवक ने होमगार्ड का डंडा छीनकर सिपाही की पिटाई शुरू कर दी।
मौके की नजाकत देख होमगार्ड जवान रायफल लेकर मौके से भाग गया। सिपाही की पिटाई होती देख किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दे दी। इस पर कुछ ही देर में तमाम फोर्स मौके पर पहुंच गई मगर तब तक चारों युवक सिपाही का वायरलेस सेट लूटकर कार से भाग गए। फोर्स के पहुंचने पर मौके से भगा निकला होमगार्ड भी वहां पहुंच गया। लोगों ने सिपाही को छोड़कर भागे होमगार्ड से नाराजगी जताई तो वो उल्टा उन पर रौब गांठने लगा। सिपाही की शिकायत पर कार सवार चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटना में प्रयुक्त कार मिल्कीपुर के रहने वाले किसी ठेकेदार की बताई गई है। जो लखनऊ में ठेकेदारी करता है। सोमवार को एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि सिपाही की पिटाई के मामले में पूराकलंदर थाना क्षेत्र के महावां गांव निवासी आकाश गर्ग तथा नगर कोतवाली के नाका निवासी शुभम् तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को जेल भेजने के साथ ही अन्य दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। वायरलेस सेट नहीं मिल सका है। आशंका है कि विवाद के दौरान वायरलेस सेट मॉडल शॉप के बाहर कहीं गिर गया है।