फैजाबाद। सेना भर्ती में गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं है। दलालों के बहकावे अभ्यर्थी न आवें, ऐसी कोई बात सामने आए तो तत्काल आर्मी को सूचना दें। मल्टी स्क्रीनिंग, बायोमीट्रिक वेरीफिकेशन व ऑनलाइन मेडिकल रिव्यू को भेद पाना किसी के बस की बात नहीं है। उक्त बातें शुक्रवार को लखनऊ मुख्यालय में तैनात उप्र व उत्तरांचल के डिप्टी डायरेक्टर जनरल ऑफ रिक्रूटमेंट बिग्रेडियर एमडी चाको ने कहीं। वे डोगरा रोजीमेंटल सेंटर पर आयोजित सेना भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। अभ्यर्थियों व उनके अभिभावकों को आगाह करते हुए कहा कि धन लेकर सेना में भर्ती कराने का दावा करने वाले की शिकायत तत्काल शिकायत प्रकोष्ठ तथा इसके नंबर 8400600930 पर दें। कहा कि अमेठी भर्ती बोर्ड क्षेत्र में आने वाले 12 जिलों में केवल पांच जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती यहां आयोजित की गई है। शेष सात जिलों की भर्ती इलाहाबाद अथवा रायबरेली मुख्यालय पर की जाएगी।