फैजाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग के कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार को बेकाबू कैबिनेट मंत्री की लालबत्ती कार ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। सड़क दुर्घटना में बाइक सवार घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला अस्पताल में भर्ती गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बाजार निवासी 34 वर्षीय सुशील जायसवाल पुत्र जगदीश प्रसाद के तीमारदारों ने बताया कि, डेढ़ बजे लालबत्ती लगी कार (यूपी42जी0836) ने बाइक को टक्कर मार दी थी। सूचना पर जिला अस्पताल पहुंचे घायल के पिता जगदीश प्रसाद ने बताया कि उनका लड़का सुशील अपनी बाइक से लखनऊ जा रहा था। दुर्घटना करने वाली लालबत्ती कार लखनऊ से शहर की ओर आ रही थी।
उनका आरोप था कि दुर्घटना करने वाली कार सूबे के एक कैबिनेट मंत्री के काफिले की है। उनका कहना है कि देर शाम रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर कैंट पुलिस को दी गई है। इस बाबत थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने बताया कि पुलिस को अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।