गेाशाईगंज। वाराणसी से बाराबंकी पेशी पर जा रहा एक सजायाफ्ता कैदी बुधवार को हथकड़ी समेत गोसाईंगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। मामले में तीन सिपाहियों के खिलाफ जीआरपी अकबरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
वाराणसी जेल में वर्षों से बंद सजायाफ्ता कैदी बाराबंकी के बदोसराय थाना क्षेत्र के अलियापुर का निवासी उमाशंकर उर्फ बुधई की बुधवार को बाराबंकी में पेशी थी। वाराणसी पुलिस लाइंस के सिपाही उसको वहां से बरेली फास्ट पैसेंजर ट्रेन से लेकर जा रहे थे। भोर में गोसाईगंज रेलवे स्टेशन से ट्रेन के चलते ही उमाशंकर सिपाहियों को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया। जानकारी पर गोसाईगंज पुलिस के साथ जीआरपी अकबरपुर ने फरार उमाशंकर की खोज शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। जीआरपी एसओ अकबरपुर सीपी जैसल ने
बताया कि वाराणसी पुलिस लाइंस के दारोगा दया शंकर यादव की तहरीर पर कांस्टेबिल मनोज सिंह, राजकुमार गौड़ व शैलेष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।