फैजाबाद। अयोध्या के प्रसिद्ध सावन झूला मेला की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन विभिन्न विभागों से कराने वाले कार्यों को टेंडर कराकर इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया है। प्रशासनिक अफसर विभिन्न विभाग के अफसरों के साथ बैठक करके तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस में महकमे में भी तैयारियां की जा रही हैं। मेले के दौरान अयोध्या के यलो जोन में बेहतर सुरक्षा के इंतजाम की तैयारी का निर्देश दिया गया है। अयोध्या के प्रसिद्ध सावन झूला मेला 30 जुलाई से शुरू होने वाला है। अयोध्या के इस प्रसिद्ध मेले में देश के कोने-कोने से लाखों की संख्या श्रद्धालु अपनी ईष्ट के प्रति श्रद्धा अर्पित करने आते हैं। सावन के महीने में पड़ने वाले इस मेले के दौरान बारिश के कारण भी तमाम अतिरिक्त व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं। खासतौर से सरयू में पानी बढ़ने के कारण घाटों और स्नान को लेकर सुरक्षा का जिम्मा अहम हो जाता है। इसके साथ ही सुरक्षा, आने जाने की सुविधा, सफाई, खाद्य सामग्री की उपलब्धता अहम् होते हैं। मेला प्रशासन ने मेले के दौरान की जाने वाली व्यवस्था के लिए टेंडर कराकर तैयारियों को अंतिम रुप दिए जाने का रास्ता साफ कर दिया है। सरयू के घाटों पर बैरीकेटिंग, बिजली और सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया है। पुलिस महकमे में भी सुरक्षा को लेकर माइक्रो प्लान तैयार किया जा रहा है। बताया गया है कि अतिरिक्त फोर्स की व्यवस्था का खाका खींचा गया था। मेलाधिकारी के सहायक सतवंत सिंह सेठी ने बताया कि मेले के लिए संबंधित विभागों को पत्र जारी कर दिया गया। तैयारियों को लिए टेंडर हो चुके हैं। मेले की तैयारियों को लेकर शीघ्र ही समीक्षा हो सकती है।