फैजाबाद (ब्यूरो)। इन दिनों तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया है। पिछले तीन दिनों से यह तापमान 40 से 37 के बीच झूल रही है। तापमान गिरने के बावजूद तपिश जारी है। तेज पछुवा हवाओं के बीच लू के बीच सड़क पर चल पाना मुश्किल हो गया है। दोपहर में शहर से देहात तक की सड़कें सूनी हो रही हैं। हालांकि पारा रविवार को कुछ नीचे रहा लेकिन लू ने इसके प्रभाव को खारिज कर दिया। मई का प्रभाव अब प्रचंड हो गया है। जिले में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तापमान बढ़ने के साथ ही मौसम में बदलाव भी आया है। कई दिनों तक तापमान 40 से 44 के बीच ऊपर नीचे होता रहा लेकिन 42 डिग्री सेल्सियस तापमान कई दिन स्थिर रहा। पिछले तीन दिन में एक बार फिर इसमें उतार-चढ़ाव शुरू हो गया। 16 मई को तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा लेकिन 17 मई को तापमान दो डिग्री चढ़ गया। रविवार को एक बार फिर तापमान गिरा और 37 डिग्री तक पहुंच गया। तापमान में गिरावट से लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी लेकिन तपिश में कोई खास असर नहीं दिखा। पहली बेला दस बजे के बाद सड़क पर चल पाना मुश्किल हो रहा है। रविवार को भले ही तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पर ही रहा लेकिन तेज पछुवा हवाओं के बीच लू ने इसके प्रभाव को खारिज कर दिया। दोपहर 11 बजे से दिन के तीन बजे तक सड़कें सूनी हो जा रही हैं।