मसौधा (फैजाबाद)। योगिराज भरतजी की तपोस्थली नंदी ग्राम में गुरुवार को हवन-पूजन के साथ तीन दिवसीय भरतकुंड महोत्सव का शुभारंभ हो गया। इसका उद्घाटन अयोध्या के राम वल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमार दास ने भरतजी के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। महोत्सव में भरत जी के त्याग, तपस्या और बलिदान के आदर्श को आत्मसात करके समाज को नई दिशा देने का आह्वान किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि भरतजी त्याग और तपस्या की प्रतिमूिर्त थे। भाई के प्रेम की वह अनूठी मिसाल है। उनके आदर्शोें से प्रेरणा लेने की जरूरत है। इसके पूर्व लोककल्याण के लिए विश्वशांति यज्ञ का आयोजन किया गया। देवताओं का आह्वान और हवन किया गया। सरोवर की पूजा की गई। श्रद्धालुओं ने इसकी परिक्रमा की। श्री भरत यूथ एंड वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में दूसरी बेला लोकगायक किशोर चतुर्वेदी ने अपनी प्रस्तुति दी। इसके बाद कवि सम्मेलन में लोगों ने आनंद उठाया। शाम को भजन संध्या का आयोजन शुरू किया गया जो देर रात तक चला। कार्यक्रम का संचालन सुभाष पांडेय ने किया। नाका हनुमानगढ़ी के पुजारी रामदास, ब्लाक प्रमुख स्वामी नाथ यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष राम कृषण तिवारी, प्रबंधक अंजनी कुमार पांडेय, मीडिया प्रभारी राकेश मिश्र आदि थे।