फैजाबाद। नगर कोतवाली के शिवनगर कॉलोनी में शुक्रवार की देर रात डीजे बजाने को लेकर बवाल हो गया। युवकों ने जबरन डीजे चालू करवाया और मजदूर से मारपीट कर हंगामा किया। कुर्सियों व पंडाल में आग लगा दी। इससे आक्रोशित लोगों ने रोड जाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत करवाया।
बताया गया कि शुक्रवार की रात शिवनगर कॉलोनी में राम तीर्थ शुक्ला के बेटे की शादी के बाद भोज का आयोजन किया गया था। इसमें डीजे भी लगाया गया था। डीजे संचालक ज्ञान प्रकाश गुप्ता का आरोप है कि देर रात उनके कर्मी बसारत खान ने डीजे बंद कर दिया तो मोहल्ले के अजय पांडेय व कुलदीप सिंह ने इसे फिर से चालू करने का दबाव बनाया। मना करने पर युवकों ने बसारत पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव व विरोध किया तो युवकों ने सामन तोड़ना शुरू कर दिया। पंडाल तथा कुर्सियों में आग लगा दी। इसके बाद लोगों ने रोड जाम करने का प्रयास किया। घर के लोगों के एकत्र होने से युवक मौके से फरार हो गये। रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर पुलिस को दी गई है। शनिवार को कोतवाली पुलिस ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आक्रोशित लोग सड़क जाम करने की कवायद में जुटे थे। लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। पुलिस ने डीजे संचालक की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।