तारुन। नशे में धुत पांच युवकों ने बीती रात सीएचसी में तोड़फोड़ कर जमकर हंगामा किया। एक बच्चे का इलाज कराने के बहाने आए युवकों में से दो ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. वेद प्रकाश त्रिपाठी के साथ अभद्रता की। चिकित्साधिकारी के फोन करने पर तारुन पुलिस आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। इसके पहले ही सभी युवक मरीज को लेकर भाग निकले। शनिवार की सुबह डॉ. वेद प्रकाश त्रिपाठी ने बाहरपुर निवासी विकास और संजय सहित तीन अज्ञात के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर दी है। तारुन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि शुक्रवार की रात वे चरांवा निवासी मंजीत पुत्र सियाराम का इलाज इमरजेंसी कक्ष में कर रहे थे। इसी बीच लगभग 12 बजे पांच युवक अस्पताल परिसर में आए। उनके साथ आठ वर्षीय बालक भी ठेले पर लेटा हुआ था। बताया गया कि अस्पताल के गेट पर ठोकर मारकर विकास व संजय अंदर दाखिल हुए तो डॉक्टर ने उनसे पूछा कि बच्चे को क्या हुआ है। डॉक्टर के इतना कहते ही दोनों युवक भड़क गए। इसके बाद उन्होंने सीएचसी में तोड़फोड़ कर हंगामा करना शुरू कर दिया। चिकित्सक ने सीएमओ सहित अन्य अधिकारियों को भी घटना की सूचना दे दी है। प्रभारी निरीक्षक बीके सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।