तारुन (ब्यूरो)। बुधवार को रामपुर भगन बाजार में बैंक ऑंफ बड़ौदा से सतना गांव निवासी एक महिला ने 25 हजार रुपये निकाले। हाथ में पैसा आते ही एक युवक ने इसे छीन लिया और बाहर खड़ी कार में बैठ भागने लगा। महिला व उसके बेटे ने कार से उसे बाहर खींच लिया। लोगों ने उसे पीटकर सुरक्षा कर्मियों को सौंप दिया जबकि कार चालक कार समेत भागने में सफल रहा। बाद में युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
थानाक्षेत्र के सतना गांव की फूलमती पत्नी जय प्रकाश पांडेय अपने बेटे संदीप उर्फ पिंटू के साथ रामपुरभगन बैंक ऑफ बड़ौदा से 25 हजार रुपये निकालने गई थीं। फूलमती ने बताया कि विड्ररॉल भरने में उससे गलती हो गई तो शाखा प्रबंधक के पास बैठे एक युवक ने उसका 25 हजार रुपये का विड्रॉल भर दिया। कैशियर ने जैसे ही 25 हजार रुपये फूलमती के हाथ में दिये, युवक ने झपट्टा मार कर रुपये उससे छीन लिये और बैंक के बाहर रोड पर पहले से खड़ी सफेद रंग की कार पर बैठकर भागने लगा, कार को युवक अपने साथ लाया था। फूलमती समेत अन्य लोगों के हल्ला मचाने पर लोग कार की तरफ दौड़े। फूलमती व बेटे संदीप उर्फ पिंटू ने युवक का कालर शीशे के अंदर से हाथ डालकर पकड़ कर बाहर खींच लिया। इस दौरान कार चालक कार लेकर भाग गया। मौके पर पुलिस व लोगों ने उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। पकड़ा गया युवक अपना नाम अखिलेश यादव उर्फ बिपुल पुत्र जंगशेर निवासी खलवईयां थाना राजेसुल्तानपुर जिला अंबेडकरनगर बता रहा है। प्रभारी निरीक्षक एसपी यादव ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध लूट का मुकदमा लिखा जा रहा है। पकड़े गए युवक अखिलेश ने बताया कि कुर्की बरियावन बाजार में रामपुरभगन के शाखा प्रबंधक गोपाल प्रसाद रह चुके है इसलिए वह उन्हीं के परिचय से यहां आया था।