रुदौली (ब्यूरो)। गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रौनाही थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर सोमवार को रुदौली के बीडीओ के सरकारी वाहन से टैक्स वसूली की गई। विरोध पर चालक से न सिर्फ दुर्व्यवहार हुआ बल्कि 30 हजार रुपये भी छीन लिये गये। बीडीओ ने सीडीओ को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को बीडीओ रुदौली का सरकारी वाहन (यूपी 42-डी 2255) फैजाबाद से रिपेयर होकर वापस लौट रहा था। हाईवे स्थित टोल प्लाजा के कर्मियों ने वाहन को रोक लिया और टैक्स की मांग की। वाहन चालक राम सरन यादव का कहना है कि टोल प्लाजा के लिपिक को बताया गया कि यह सरकारी वाहन है। इस पर लिपिक ने कहा गया कि वाहन चाहे सरकारी हो अथवा गैर सरकारी, टैक्स तो देना ही पड़ेगा। किसी भी वाहन को कोई छूट नहीं है। प्रतिवाद करने व अधिकारी से बात कराने की बात कहने पर प्लाजा पर तैनात कर्मी हाथापाई पर आमादा हो गये और जेब में हाथ डाल 30 हजार रुपये निकाल लिए। टैक्स अदा करने की रसीद नंबर 01-01-217 थमाने के बाद ही आगे जाने दिया गया। ब्लॉक मुख्यालय पहुंच चालक ने आपबीती बतायी। बीडीओ रुदौली हसीब अंसारी ने बताया कि टोल प्लाजा पर हुई घटना ठीक नहीं है। सरकारी वाहन को टोल टैक्स से छूट दी गई है। प्रकरण के बाबत मुख्य विकास अधिकारी को पत्र लिखा गया है और कार्रवाई की मांग की गई है।