फैजाबाद। जिले के राजकीय उद्यान और पार्कों की सूरत अब बदली-बदली नजर आएगी। कार्यालय से लेकर कंपनी गार्डेन, शहीद उद्यान और पंचमुखी महादेव पार्क सहित छह पार्कों के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग छह करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है।
उद्यान विभाग की उत्पादन इकाई केंद्रीय पौधशाला के लिए सबसे बड़ा प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। इस इकाई में आम और आंवला के बाग के साथ-साथ बिक्री के लिए पौधे भी तैयार किए जाते हैं। केंद्रीय पौधशाला की बाउंड्रीवाल पूरी तरह से टूट गई है। इस इकाई के सुदृढ़ीकरण और सुंदरीकरण के लिए तीन करोड़ 51 हजार रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। दूसरी ओर शहर के मध्य स्थित शहीद उद्यान को 61 लाख नौ हजार रुपये की लागत से संवारने का खाका तैयार किया गया है। इस पार्क में उपनिदेशक उद्यान कार्यालय से कचहरी के पिछले गेट तक 23 लाख 19 हजार की लागत से इंटरलाकिंग सड़क मार्ग का निर्माण किया जाएगा। पार्क की बाउंड्रीवाल के लिए 30 लाख 81 हजार, नाली निर्माण मद में छह लाख 69 हजार और शहीद उद्यान में वाटर टैंक निर्माण के लिए 40 हजार के प्रोजेक्ट का खाका तैयार किया गया है। इसके अलावा पंचमुखी उद्यान, राजकीय संतति उद्यान, गुप्तारघाट पार्क, कार्यालय में स्थित पार्क को सुदृढ़ किया जाएगा। उद्यान अधीक्षक पारसनाथ ने बताया कि वित्तीय मंजूरी के लिए प्रोजेक्ट तैयार कर शासन में भेज दिया गया है।