फैजाबाद। ‘रेड रिबन’ एक्सप्रेस को देखने के लिए दूसरे दिन युवाआें की भारी तादाद फैजाबाद रेलवे स्टेशन के मालगोदाम प्लेटफॉर्म पर पहुंची। ट्रेन के बाहर लगे मंच से नुक्कड़-नाटक के जरिए कलाकारों ने लोगों को एचआईवी/एड्स और परिवार नियोजन के बारे में जानकारी दी। सायं पांच बजे मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार यादव ने भारत सरकार द्वारा चलायी जा रही रेड रिबन एक्सप्रेस के महत्व पर प्रकाश डाला और संयम समझदारी के साथ पत्नी के साथ वफादारी पर भी जोर दिया। उनका दावा है कि दो दिनों के दौरान 25 हजार से अधिक लोगों ने ट्रेन को देखा और एचआईवी/एड्स के बारे में जानकारी हासिल की। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि एचआईवी/एड्स की बीमारी मानवता के लिए खतरा बन चुकी है। इसके लिए कहीं न कहीं हम सभी जिम्मेदार हैं। अभी तक इस बीमारी का पूरी तरह से सफल इलाज नहीं ढूंढ़ा जा सका है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों के विद्यार्थियों के अलावा आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां भी रेड रिबन एक्सप्रेस को देखने व जानकारी हासिल करने में बढ़चढ़ कर शामिल हुईं। ट्रेन के अंदर चलने वाले सत्र को विशेषज्ञ निर्मल तिवारी ने संबोधित किया। कार्यक्रम में शिरकत कर रही आशा बहुओं से परिवार नियोजन के लिए आगे आने का आह्वान किया। फाइलेरिया नियंत्रण अधिकारी डीके श्रीवास्तव स्कूलों से आने वाले बच्चों को ट्रेन को बाहर जानकारी देते रहे। एसीएमओ डॉ. लालमणि प्रसाद, डिप्टी सीएमओ डॉ. आरके देव, जिला क्षय रोग अधिकारी व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजीव कुमार सक्सेना, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. चंद्रपाल सिंह मौजूद रहे।