फैजाबाद। क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल में डायरिया से पीडि़त 15 बच्चों को भर्ती कराया गया है। मरीजों की संख्या अधिक होने से एक-एक बेड पर दो-दो बच्चों को भर्ती किया जा रहा है।
टेढ़ी बाजार, अयोध्या निवासी शोभाराम पांडेय की आठ वर्षीय पुत्री काजल को चार दिन से उल्टी-दस्त आ रही है। उन्होंने बच्ची को जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती कराया है। बस्ती जिले के श्रृंगनारी क्षेत्र के इमलिया डीह निवासी इश्तियाक अहमद के 12 वर्षीय पुत्र शमशेर खान को पिछले दो दिन से उल्टी-दस्त आ हो रही। शनिवार को शमशेर को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। अंगूरीबाग मोहल्ला निवासी राजा मियां की 13 वर्षीय पुत्री इरम को एक पखवारे से बुखार आ रहा है। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शाहगंज निवासी अवधेश कुमार की दो वर्षीय पुत्री कोमल की हालत बीती रात खराब हो गई। इसके अलावा सत्यम (11), पूजा (04), अंकित (08), सुप्रिया (01), शीला (03), प्रीति (12), रजनीश (10), शालिनी (08), मुस्कान (10), जीशान (11), आशीष (05), शाहीन (03), शिवा (03) को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आरकेश ने बताया कि मौसम बदलने की वजह से बीमारी बढ़ी है। उन्होंने बच्चों को ताजा भोजन देने और स्वच्छ पानी पिलाने की सलाह दी है।