अयोध्या। मतदान के दिन सोमवार को अस्पतालों में ओपीडी खुली रहेगी। दोपहर 12 बजे तक ओपीडी में सभी चिकित्सक रोज की तरह बैठेंगे।
वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पताल में 20 बेड का एक वार्ड आरक्षित किया गया है, जहां पर्याप्त मात्रा में चिकित्सक व मेडिकल स्टाफ की तैनाती रहेगी।
जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ नानक सरन ने बताया कि शाम पांच बजे जीआईसी में ईवीएम मशीन जमा होने के समय एंबुलेंस लगाई जाएगी, जो रातभर वहीं रहेगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि उनके अधीन सीएचसी-पीएचसी पर सिर्फ आकस्मिक सेवाएं ही मिलेंगी। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र में एंबुलेंस तैनात रहेगी।
108 एंबुलेंस को भी एलर्ट किया गया है। इसके अलावा जिले के सभी प्रमुख अस्पताल जैसे राजकीय श्रीराम चिकित्सालय अयोध्या, जिला महिला अस्पताल, राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शननगर आदि में चिकित्सकों को मुस्तैद किया गया है।
अंगुली पर लगी स्याही दिखाएं, पाएं प्रति लीटर एक रुपये की छूट
अंगुली पर लगी स्याही दिखाने पर आपको पेट्रोल भरवाने पर प्रति लीटर एक रुपये की छूट मिलेगी। पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले के सभी पेट्रोल पंप दिनभर खुलेंगे। जहां, जनता को सेवाएं सुचारु रूप से मिलेंगी। मतदान के बाद अंगुली पर लगी स्याही दिखाने पर प्रति लीटर एक रुपये की छूट दी जाएगी।