आटा चक्की का पत्थर टूटने से घायल दूसरे बच्चे ने दम तोड़ा
अयोध्या। मवई थाना क्षेत्र के हुनहुना गांव में मंगलवार रात करीब 8 बजे आटा चक्की का पत्थर टूटने से चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए दूसरे बच्चे की भी इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई।
जबकि एक बच्चे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। बुधवार शाम दोनो बच्चों का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। हुनहुना गांव में चंद्रशेखर ने ट्रैक्टर से चलने वाली नई आटा चकिया लगाई थी।
जिसे मंगलवार रात करीब 8 बजे अपने दरवाजे पर चलाकर चेक कर रहे थे। नई चक्की होने के कारण उसे देखने वालों की भीड़ लगी हुई थी कि अचानक चकिया में जोरदार आवाज हुई और उसका पत्थर टूट कर बाहर आ गया।
जिसकी चपेट में आकर गांव का ही आशिफ(11) पुत्र हसीब की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अब्दुल्ला (12) पुत्र वसीम को परिवारीजन ट्रॉमा सेंटर लखनऊ ले गए। लेकिन उसकी भी देररात मौत हो गई।
मवई थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया कि आटा चक्की का पत्थर टूटने से घायल दूसरे बच्चे की भी मौत रात में ही हो गई थी।