ट्रक ने तहसीनपुर टोल प्लाजा पर तैनात गार्ड को रौंदा
फैजाबाद। रौनाही थाना क्षेत्र के तहसीनपुर टोलप्लाज पर तैनात गार्ड की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। तहसीनपुर टोल प्लाजा पर इसी थाना क्षेत्र के बरई खुर्द निवासी अजय बहादुर सिंह (40) बृहस्पतिवार रात ड्यूटी कर रहा था। लखनऊ से फैजाबाद की तरफ जा रहे ट्रक ने बूथ क्रॉस करने के लिए एक लेन से दूसरे लेन में जाने का प्रयास किया। इससे ड्यूटी पर तैनात गार्ड ट्रक के नीचे आ गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टोल पर तैनात अन्य कर्मी दौड़े लेकिन तब तक चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। टोलकर्मियों ने मौके पर गाड़ी के खलासी को ट्रक समेत पकड़ कर पुलिस को सूचना दी। रौनाही थाने के कार्य वाहक थाना प्रभारी जमुना प्रसाद पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। केस दर्ज कर ट्रक चालक तलाश की जा रही है। टोल के वरिष्ठ प्रबंधक विनय वर्मा ने बताया कि मृतक गार्ड को कंपनी द्वारा कराए गए बीमे की राशि का भुगतान कराया जाएगा।