सांड़ के हमले से वृद्धा की मौत
बीकापुर (फैजाबाद)। आवारा पशु किसानों की फसलों को तबाह करने के साथ अब लोगों के लिए जानलेवा भी साबित हो रहे हैं। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर पूरे सेवक मिश्र का पुरवा गांव में बुधवार सुबह यशोदा देवी(68) पत्नी स्व. रामआधार पर घर के पास ही सांड़ ने हमला बोल दिया, जिससे घटना स्थल पर ही वृद्धा की दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे उप जिलाधिकारी विजेंद्र द्विवेदी, कोतवाली के उप निरीक्षक घनश्याम पाठक सहित राजस्व व पुलिस टीम ने जांच पड़ताल की। उप जिलाधिकारी विजेंद्र द्विवेदी ने बताया कि मृतका के नाम जमीन है, उसे किसान दुर्घटना बीमा का लाभ दिलाया जाएगा। उनके निर्देश पर कोतवाली पुलिस द्वारा मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ग्राम प्रधान शिवनारायण चौरसिया ने बताया कि इसके पहले भी करीब तीन माह पूर्व शिवतर गांव में 40 वर्षीय किसान पर छुट्टा मवेशी ने हमला किया था, उसकी उपचार के दौरान लखनऊ में मौत हो गई थी। तीन दिन पूर्व भी बल्लीपुर गांव में सांड़ ने गांव निवासी तीन लोगों पर हमला कर घायल कर दिया था। मंगलवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस में भी बल्लीपुर गांव के किसानों ने छुट्टा मवेशियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की थी।