जिले की सभी बैंकों ने 60 फीसदी एटीएम में डाली रकम
फैजाबाद। चार दिनों से चल रही एटीएम में कैश की किल्लत बृहस्पतिवार को सुधरी दिखी। सुबह बैंकों की ओर से अपने 60 फीसदी एटीएम में कैश डालने के दावे किए गए। हालांकि शुक्रवार को आरबीआई से कैश आने के बाद स्थिति सामान्य होने का अनुमान है। शहर के तमाम एटीएम कैशलेश होने लोगों की दौड़-भाग जारी रही। जबकि बैंकों मेें कतारें जारी रहीं।
एटीएम में पैसा डालने वाली एजेंसी को चार दिनों से आरबीआई से रकम नहीं मिलने से जिले में नो कैश का बोर्ड लगे एटीएम परेशानी का सबब बने हुए हैं। वहीं बृहस्पतिवार को अयोध्या-फैजाबाद में करीब 60 फीसदी एटीएम काम करते दिखे। उधर बंद पड़े शहर के करीब 40 फीसदी एटीएम लोगों की दिक्कतें बढ़ाते रहे। बैंक की शाखाओं में कैश पाने के लिए लंबी लाइने लगी रही। यहां पर पर्याप्त पैसा होने की बात कही जा रही है। उधर, जिन एटीएम में कैश डाले गए उनमें दोपहर बाद ज्यादातर में कैश खत्म हो गया। सिविल लाइंस स्थित एसबीआई व बॉब की मुख्य शाखा में लगा एटीएम से धन निकासी हो रही थी। इसके अलावा रिकाबगंज का बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी के मुख्य शाखा, गुदड़ी बाजार व देवकाली, पीएनबी की गुदड़ी बाजार शाखा में लगा एटीएम व आईसीआईसीआई का नहरबाग शाखा में लगा एटीएम से कैश मिल रहा था। अयोध्या के एसबीआई, बॉब समेत एक्सिस बैंक के दो एटीएम काम कर रहे थे। वहीं नाका, नियावा, फतेहगंज, मोदहा, रीडगंज आदि इलाकों में लगे एसबीआई, पीएनबी, सेंट्रल बैंक, केनरा, एचडीएफसी आदि बैंकों के करीब 12 एटीएम पर नो कैश का बोर्ड लगा रहा। अयोध्या के श्रीराम अस्पताल के बगल एसबीआई का एटीएम, हनुमानगढ़ी चौराहे पर एचडीएफसी व एक्सिस व पीएनबी की शाखा में लगे एटीएम कैशलेस रहे।
बैंकों में अभी भी लगी लंबी कतार
शादी विवाह के सीजन के चलते लंबी रकम निकालने के लिए विभिन्न बैंकों की शाखाओं में ग्राहकों की लंबी कतार दिखी। बैंक ऑफ बड़ौदा की अयोध्या शाखा में कैश लेने आए राम प्रसाद पांडेय ने बताया कि दुकान का सामान लाने के लिए कई दिनों से कैश के लिए भटक रहे हैं, आज उन्हें कैश मिला। पीएनबी की गुदड़ी बाजार शाखा में कैश लेने आईं सुनीता शुक्ला ने बताया कि उन्होंने एटीएम के चक्कर लगाने के बजाए बैंक से ही कैश लेना उचित समझा। वहीं पीएनबी साहबगंज के शाखा प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि उनकी शाखा में कैश की कोई कमी नहीं है। एसबीआई के मुख्य प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में आ गई है, एटीएम में भी कैश मिल रहा है, जिससे बैंक में लोगों की भीड़ कम हो रही है।
जिले के करीब 60 फीसदी एटीएम में कैश मिल रहा है, जिससे स्थिति में सुधार हुआ है। शुक्रवार तक आरबीआई से कैश आने की उम्मीद है। इसके बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी।- एके सिंह, लीड बैंक मैनेजर फैजाबाद।