स्कूल जाते समय लापता हुआ छात्र
अयोध्या। अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के एक निजी विद्यालय का कक्षा चार का छात्र दीपांशु मंगलवार सुबह स्कूल जाते समय लापता हो गया है। परिवारीजनों का आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे स्कूल वैन से उतार लिया और लेकर चलते बने। मामले में स्कूल प्रबंधन, वाहन चालक समेत गांव के कुछ लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। छात्र के अपहरण की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया, सीओ अयोध्या राजकुमार साव, कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्र मौके पर पहुंच गए और सीसीटीवी के जरिए छानबीन की जा रही है।
बस्ती निवासी दिनेश वर्मा का 8 वर्षीय पुत्र दीपांशु रानोपाली के कुलवरिया गांव में अपने फूफा ज्ञान सागर वर्मा के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा है। वह आशापुर स्थित एमआरडी स्कूल में कक्षा चार का छात्र है। मंगलवार को वह सुबह स्कूल के लिए निकला तो वापस नहीं पहुंचा। लापता छात्र दीपांशु के पिता दिनेश वर्मा ने अपहरण की आशंका व्यक्त की है। सीओ अयोध्या राजकुमार साव ने बताया कि परिवारीजनों ने तहरीर में स्कूल के प्रबंधक, प्रिंसपल, वाहन चालक समेत गांव के कुछ लोगों पर रंजिश में अपहरण का आरोप लगाया गया है, पूछताछ की जा रही है।