एशियन क्लब रहा विजेता
फैजाबाद। राहुल वैद्य रूल आउट प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में एशियन क्लब ने नॉटिंघमशायर को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
एशियन क्लब की टीम ने टीपू के 33 रन व सैफ के 12 रनों की बदौलत 10 ओवर में शानदार 67 रन बनाए। नॉटिंघमशायर की टीम 10 ओवर में 62 रन ही बना सकी। मैन ऑफ द मैच से टीपू को नवाजा गया। मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार रितेश की झोली में गया। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 21000 व उपविजेता टीम को 11000 का नगद पुरस्कार दिया गया। विभिन्न क्षेत्रों में अपने उत्कृष्ट कार्य के लिए 11 लोगों को सम्मानित भी किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक नगर अनिल सिंह सिसोदिया, विशिष्ट अतिथि शैलेश पांडे व यंगेश पांडे उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रतियोगिता के आयोजन सचिव राजीव श्रीवास्तव, अध्यक्ष विशाल श्रीवास्तव, हिमांशु श्रीवास्तव, योगेश्वर सिंह, सैयद सुभानी सहित अन्य मौजूद रहे।