बीकापुर में भरतकुंड-भावापुर मार्ग पर घटना
बीकापुर (फैजाबाद)। घर से ड्यूटी पर लखनऊ जाने के लिए निकला एक युवक रहस्यमय हालातों में लापता हो गया। मंगलवार भोर युवक की कार संदिग्ध परिस्थितियों में भरतकुंड-भावापुर मार्ग के किनारे सुनसान जगह पर जली हुई पाई गई। कार में युवक की जली हुई टी-शर्ट मिली है।
घर वालों ने चार लोगों पर युवक को गायब करने की आशंका जताई है। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के गंजड़ी भावापुर गांव निवासी शिवमूर्ति यादव उर्फ राजन यादव (35) पुत्र बलजोर यादव लखनऊ में एक निजी कंपनी में गाड़ी चलाता था।
शनिवार को वह लखनऊ से घर आया और सोमवार सुबह करीब 5 बजे अपनी कार लेकर लखनऊ के लिए निकला। लेकिन लखनऊ नहीं पहुंचा। लखनऊ न पहुंचने का फोन आने पर परिवारीजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने खोजबीन शुरू की।
मगर कुछ पता नहीं चला। वहीं, मंगलवार भोर करीब 3 बजे शिवमूर्ति की जली हुई कार भरतकुंड भावापुर मार्ग के किनारे ब्रह्म बाबा देवस्थान के सामने होने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी सूचना 100 नंबर व फायर ब्रिगेड को दी।
पुलिस व फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस की जांच में पता चला कि ये कार शिवमूर्ति की है। मौके पर पहुंचे सीओ अरविंद चौरसिया, कोतवाल राजीव प्रताप सिंह व फोरेंसिक टीम ने जांच की।
इसके बाद जंगल में भी खोजबीन की गई लेकिन शिवमूर्ति का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने बताया कि शिवमूर्ति जो टी-शर्ट पहन के घर से निकला था, वह जली हुई कार से कुछ दूरी पर सड़क किनारे झाड़ी में मिली है।
भाई ने चार लोगों पर जताया शक
लापता शिवमूर्ति के भाई राकेश यादव ने मंगलवार शाम को कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि राशन कोटे के विवाद को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। उसने तहरीर में आशंका जताया है कि भावापुर नेवादा निवासी अरविंद कुमार, देवधर, देव कुमार व पवन कुमार द्वारा शिवमूर्ति को कहीं गायब करके कार को जला दिया गया है।
कोतवाल राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि राकेश यादव की तहरीर पर अगवा करने व धमकी देने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।