ई-टेंडरिंग को लेकर दिया गया प्रशिक्षण
फैजाबाद। कमिश्नर मनोज मिश्र ने कहा कि एक सितंबर से सभी विभागों में आमंत्रित की जाने वाली सभी निविदाओं को ई-टेंडर प्रणाली से ही आमंत्रित किए जाने की बाध्यता होगी। वह कलेक्ट्रेट में ई-टेंडरिंग के लिए आयोजित प्रशिक्षण को संबोधित कर रहे थे।
कमिश्नर ने कहा कि शासन से अब समस्त विभागों में समस्त कार्यों को ई-टेंडरिंग के माध्यम से कराए जाने का निर्णय लिया गया है। निर्देश दिया कि ई-टेंडर से संबंधित समस्त विभाग अपने कार्यालयों में ई-टेंडर समिति का गठन कर लें। समिति के सदस्यों का डिजिटल हस्ताक्षर भी बनवाएं। ई-टेंडरिंग और डिजिटल हस्ताक्षर के संबंध में विस्तृत, गहन प्रशिक्षण यूपी इलेक्ट्रानिक, लखनऊ के आदित्य सिंह ने प्रदान किया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक समिति में 3-4 सदस्य होंगे। आवेदन प्रपत्र नीले बॉल पेन से भरा जायेगा। आयुक्त ने सुझाव दिया कि यदि समिति के किसी अध्यक्ष/सदस्य का तबादला हो जाता है तो इस बात का विशेष ध्यान दिया जाए कि उसको आवंटित डिजिटल हस्ताक्षर का दुरुप्रयोग उसके द्वारा न किया जाए। प्रशिक्षण में डीएम फैजाबाद संतोष कुमार राय, सीडीओ रवीश गुप्ता, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या डॉ. विनोद कुमार सिंह, अपर आयुक्त प्रशासन मौजूद थे।