बार एसोसियेशन क चुनाव में वोट डालते वकील।
- फोटो : अमर उजाला
बार एसोसिएशन के 11 पदाधिकारियों के चुनाव के लिए गुरुवार को 86 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी के साथ36 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया। मतदान को लेकर दिनभर काफी गहमागहमी का माहौल रहा।
इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मतदान में कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। एसपी सिटी संकल्प शर्मा ने मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों व रिटर्निंग अफसर की मौजूदगी में मतपेटिकाएं सील करके अध्यक्ष के कक्ष में रखवाया।
मतगणना शुक्रवार को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित होगा। मतदान की शुरुआत सुबह 8 बजे हुई। शुरुआती दौर में मतदान की गति काफी धीमी रही। मध्यावकाश के बाद मतदाताओं की संख्या बढ़नी शुरू हुई। 10 बजे के बाद मतदान के लिए अधिवक्ताओं की लंबी कतार लग गई।
मतदाताओं को अपनी बारी का इंतजार भी करना पड़ा। प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए मतदेय स्थल पर डटे रहे। कचहरी में घुसते ही प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में वोट डालने के लिए प्रेरित करने लगते थे।
गहमागहमी के माहौल में 2285 मतदाताओं में से 1962 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बूथ संख्या एक पर 485, दो पर 486, तीन पर 503 व बूथ संख्या चार पर 488 वोट डाले गए। मतदान के दौरान सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए।