अधिक लोगों तक पहुंचाएं आयुष्मान भारत योजना का लाभ : चौहान
अयोध्या। आवास विकास परिषद के आयुक्त व जिले के नोडल अफसर अजय चौहान ने अफसरों से कहा कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार कराएं।
उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जनपद में शासन के विकास कार्यो, कर-करेत्तर और कार्यदायी संस्थाओं एवं उनसे संबंधित विभागों के साथ 50 लाख रुपये से अधिक लागत के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया।
कलक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक मेें उन्होंने जन कल्याणकारी योजना आयुष्मान भारत के तहत अधिक से अधिक गरीब परिवारों को लाभ पहुंचाने के लिए केबल टीबी/दूरदर्शन व अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया।
इसके तहत आने वाले परिवार को प्रतिवर्ष प्रति परिवार पांच लाख तक का निशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध है। इस योजना का लाभ परिवार के सभी सदस्यों के साथ-साथ पहले से बीमार लोगों को भी मिलेगा।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक आनंद, परियोजना निदेशक एके मिश्र, डीएफओ रवि सिंह, अर्थ एवं संख्या अधिकारी धीरेंद्र यादव सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के अफसर मौजूद थे।