राममंदिर के लिए महंत परमहंस ने किया चितापूजन
छह दिसबंर को आत्मदाह करने की दोहराई चेतावनी, तपस्वी छावनी के महंत हैं परमहंस
67
अयोध्या। विहिप की होने जा रही धर्मसभा व शिवसेना के आशीर्वाद समारोह के बीच राममंदिर निर्माण के लिए सात दिनों से आमरण अनशन करने वाले महंत परमहंस दास ने शुक्रवार को तपस्वी छावनी में चितापूजन कर पांच दिसंबर तक राममंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त न होने पर छह दिसंबर को आत्मदाह करने की बात दोहराई है। परमहंस ने बाकायदा चिता पर बैठकर विधिवत पूजन किया और सरकार को चेतावनी दी कि यदि राममंदिर निर्माण चुनाव से पूर्व नहीं शुरू हुआ तो वह आत्मदाह कर लेंगे।
परमहंस दास ने कहा कि राममंदिर को लेकर अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। मुझे उम्मीद है कि शायद मेरी मौत के बाद जो आंदोलन हो उससे सरकार चेते और अयोध्या में राममंदिर का निर्माण हो जाए। उन्होंने शिवसेना व विहिप के कार्यक्रम को लेकर कहा कि यह सब चुनावी कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि यदि राममंदिर को लेकर भाजपा कोई कदम नहीं उठाती है तो उसकी हालत खराब होगी।