जूनियर एशियन हैंडबॉल के लिए भारतीय टीम घोषित
फैजाबाद। ओमान में 16 से 26 जुलाई तक आयोजित होने वाली जूनियर एशियन बालक हैंडबॉल चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने वाली भारतीय टीम की घोषणा भारतीय हैंडबॉल संघ के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय ने की। यह जानकारी शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित एक होटल के सभागार में उन्होंने दी। बताया कि भारतीय टीम का कप्तान हरियाणा के अंकित व उप कप्तान दिल्ली के नवीन सिंह को बनाया गया है। टीम कल (शनिवार) को लखनऊ एयरपोर्ट से रवाना होगी। निदेशक खेल उत्तर प्रदेश डॉ. आरपी सिंह व बिग्रेडियर डोगरा रेजीमेंटल सेंटर ज्ञानोदय ने भारतीय टीम को किट व ट्रैक सूट वितरित किए।
एशियन जूनियर बालक भारतीय टीम के घोषित होने के उपरांत जिला हैंडबॉल संघ फैजाबाद के सचिव जितेंद्र सिंह व उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के संयुक्त सचिव परमेंद्र सिंह ने भारतीय टीम के सदस्यों व प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इंडिया टीम के चीफ कोच आशीषकर व सहायक कोच कुणाल ने कहा कि फैजाबाद पहली बार ट्रैटाफ्लैक्स पर आयोजित हुए प्रशिक्षण शिविर से खिलाड़ियों के खेल कौशल, इंडोरेस स्टेमिना व गति में काफी इजाफा हुआ है, जो निश्चित तौर पर एशियन चैंपियनशिप में फायदेमंद साबित होंगा। जिला हैंडबॉल संघ के सचिव जितेंद्र सिंह व जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
ये हैं चयनित भारतीय टीम
जूनियर एशियन बालक हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए घोषित भारतीय टीम इस प्रकार है। अमरमणि त्रिपाठी, अवनीश कुमार राठौर (उत्तर प्रदेश), लकी, पुष्पेंद्र, कीर्ति, नवीन सिंह (सभी दिल्ली), दलबीर सिंह (पंजाब), सुमित सिंह, सनी, अंकित शर्मा, सुमित सिंह, थुपैंद्र (सभी साई), याहया खान (झारखंड), अंकित (हरियाणा), मनीष, सुरेश कुमार (राष्ट्रीय हैंडबॉल अकादमी, भिलाई), चीफ कोच आशीषकर (उत्तर प्रदेश) सहायक कोच कुणाल शर्मा (सीआईएसएफ)।