भूतपूर्व सैनिक का सामान लौटा रिक्शेवाले ने पेश की ईमानदारी की मिसाल
फैजाबाद। शहर में एक रिक्शेवाले ने एक रिटायर्ड फौजी का सामान लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की है। अपना सामान वापस मिलने पर फौजी ने रिक्शेवाले का आभार जताया व उसे ईनाम के तौर पर पांच सौ रुपये भी दिए। भूतपूर्व सैनिक रामसजीवन पांडेय निवासी परिक्रमा मार्ग भीखापुर फैजाबाद ने गत शाम एक फर्नीचर की दुकान से करीब चार हजार रुपये का सामान खरीदा व उसे रिक्शे पर लादकर घर ले जा रहे थे। वह रिक्शे के पीछे-पीछे चल रहे थे। इस दौरान अचानक रिक्शा उनकी नजरों से ओझल हो गया, काफी ढूंढने पर उसका पता नहीं चला। वहीं रिक्शावाला बलराम निवासी बहराइच उनका सामान लेकर वापस फर्नीचर की दुकान पर पहुंच गया। दुकान मालिक ने उन्हें फोन के माध्यम से सूचना दी, मौके पर पहुंचने पर रिक्शा चालक बलराम ने बताया कि वह काफी देर तक उनका इंतजार कर रहा था, उनके नहीं मिलने पर वह रात में ही वापस दुकान पर भी आया लेकिन दुकान बंद मिली। इसके बाद वह दूसरे दिन सुबह 11 बजे दोबारा सामान लेकर दुकान पहुंचा। उसकी ईमानदारी से खुश होकर भूतपूर्व सैनिक ने रिक्शा चालक का आभार जताते हुए उसे पांच सौ रुपये इनाम दिया।