आग से जला बिटिया की शादी का सामान
फैजाबाद। रुदौली तहसील क्षेत्र के भवानीपुर मजरे महुलारा गांव में रविवार रात अचानक लगी आग से दो घर जलकर राख हो गए। इसमें से एक परिवार के घर में फरवरी में लड़की की शादी है। अग्निकांड में शादी के लिए रखे कपड़े, अनाज व अन्य सामान भी जलकर राख हो गया। हलका लेखपाल ने नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंपी है।
ग्रामसभा भवानीपुर के महुलारा ग्राम में बैजनाथ पाल पुत्र भानुदत्त पाल के घर में रविवार देर रात करीब 1 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। बैजनाथ ने बताया कि उस समय सभी परिवारीजन सो रहे थे। घर से आग की लपटें निकलती देख परिवार के लोगों ने शोर मचाया लेकिन जब तक आसपास के लोग पहुंचते तक तक सारा सामान जलकर राख हो गया। बताया कि फरवरी में लड़की की शादी तय होने के कारण शादी के लिए जो भी बंदोबस्त किया था वह सारा सामान राख हो गया। आग की चपेट में आकर 11 बोरी गेहूं व 15 बोरी चावल व अन्य कीमती सामान जल गया। वहीं, आग की चपेट में आकर पड़ोसी मथुरा पाल पुत्र महादेव पाल का भी एक छप्पर जलकर राख हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल राम धीरज कुशवाहा ने नुकसान का आकलन किया। वही ग्राम प्रधान दुर्गा प्रसाद ने मौके पर पहुंच कर राहत सामग्री के रूप में एक बोरी चावल व दो हजार रुपये की धनराशि प्रदान की। तहसीलदार रामजन्म ने बताया कि जानकारी मिली थी हल्का लेखपाल से जांच कर रिपोर्ट तलब की गई है, उसके बाद अहेतुक सहायता दी जाएगी।