मसौधा। पूराकलंदर थाना क्षेत्र में जमूरतगंज-बिलहरघाट मार्ग पर गुरुवार दोपहर बोलेरो पलटने से उसमें सवार महिला समेत चार लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया जहां, प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। पूराकलंदर थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि, गुरुवार शाम चार बजे अमेठी जिले के मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के पूरब पाली गांव निवासी शैलेंद्र मिश्र बोलेरो से फैजाबाद के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीदासपुर गांव निवासी रिश्तेदार उमाशंकर दुबे के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में जा रहे थे।
जमुरतगंज-बिल्हरघाट मार्ग के भक्तिन पुरवा गांव के सामने एक बाइक सवार सामने आ गया। जिसे बचाने के प्रयास में बोलेरो पुलिया में टकराकर पलट गई। हादसे में बोलेरो सवार शैलेंद्र मिश्र (42), गंगादेवी (68), चार वर्षीय सदाशिव मिश्र व एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने चारों लोगों को सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।