आतंकी हमले के विरोध में हिंदू-मुस्लिमों का प्रदर्शन
अयोध्या। अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले के विरोध में रामनगरी अयोध्या के हिंदू-मुस्लिमों ने नयाघाट बंधा तिराहे पर प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए और पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, आतंकी हाफिज सईद व पाक सेना प्रमुख राहिल को प्रतीकात्मक फांसी दी।
शुक्रवार की दोपहर नयाघाट बंधा तिराहे पर एकत्र हुए दोनों समुदाय के लोगों ने अमरनाथ आतंकी हमले के विरोध में जबरदस्त प्रदर्शन किया तथा पाकिस्तान विरोधी नारे लगाये।
इस अवसर पर प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे मुस्लिम मंच के बब्लू खान ने कहा कि पाकिस्तान की इस हरकत को भारत के मुसलमान कभी बर्दाश्त नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा कि भारत का मुसलमान अकेले ही पाकिस्तान से निपटने में सक्षम है। ज्योतिष गुरू स्वामी हरिदयाल मिश्र ने पाकिस्तान के कायराना कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि भगवान अपने भक्तों का दुख कतई बर्दाश्त नहीं करते।
उन्होंने भविष्यवाणी की कि अब पाकिस्तान का विनाश तय है। वहीं, रामजन्मभूमि निर्माण समन्वय समिति के अध्यक्ष नारायण मिश्र ने कहा आतंकवाद की कोई जाति, मजहब नहीं होती। सभी को मिलकर इससे निपटना होगा।
मित्र मंच के प्रभारी शरद पाठक बाबा ने कहा कि अब पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ खड़ा हो रहा है। पाक में यदि दम है तो सामने से आकर वार करे हिंदुस्तान सबक सिखाने को तैयार है।
प्रदर्शन के दौरान आशीष कौशल, सिद्धार्थ यादव, नियामत उल्ला, पवन तिवारी, आशुतोष सिंह, बब्लू मिश्रा, गौरव कुमार, अनिल सिंह, सौरभ उपाध्याय आदि मौजूद रहे।