सावन झूला मेले में रहेगी हाईटेक व्यवस्था : डीएम
मेले की सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी
फैजाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि अयोध्या के सावन झूला मेले की व्यवस्था पूरी तरह हाईटेक होगी। सरयू के घाटों के साथ पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। साथ ही सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होगी। पूरा मेला क्षेत्र दूधिया रोशनी से जगमगाने की तैयारी है। स्थायी पोलों के अलावा 3500 ट्यूबलाइट और 240 हैलोजन लगाए जाएंगे।
विकास भवन में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में डीएम ने कहा कि हर पहलू पर तैयारी की जा रही है। सफाई, प्रकाश, सुरक्षा के साथ नागरिक सुविधाओं पर खास फोकस है। बताया कि सावन झूला मेले की शुरूआत 14 अगस्त से होगी। यह 26 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान छह प्रमुख पर्व पड़ेंगे। नियंत्रण कक्ष के साथ ही पूरे मेला क्षेत्र मेें व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मेले में प्रकाश की व्यवस्था ऐसी होगी कि पूरा मेला क्षेत्र जगमगाएगा। मेला क्षेत्र में स्थायी पोलों पर पावर कारपोरेशन की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा 1750 पोलों पर 3500 ट्यूबलाइटें, 240 हैलोजन नगर निगम ने लगाने का खाका खींचा है। इसके अलावा सुरक्षा के लिए घाटों पर मोटर चालित नावें के साथ अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी।