अब नगर निगम के व्हाट्सएप ग्रुप पर बताएं समस्याएं, मानीटरिंग व निस्तारण की व्यवस्था
फैजाबाद। नगर निगम प्रशासन ने मानीटरिंग के साथ आम लोगों की समस्याओं को तेजी से निस्तारित किए जाने की नई पहल की है। लोगों को पानी, सफाई, प्रकाश और मरम्मत जैसी समस्याओं की शिकायत के लिए निगम कार्यालय जाने की जरूरत नहीं है। इसके लिए घर बैठे व्हाटसएप ग्रुप पर शिकायत किए जाने की व्यवस्था की गई है। पार्षदों के साथ ही इन ग्रुपों पर आने वाली शिकायतों को नगर आयुक्त स्वयं मानीटर कर रहे हैं। शिकायत के साथ ही समस्या के निदान कराए जाने और सूचित किए जाने की टिप्पणी इसी पर लिखी जा रही है।
अब तक इन ग्रुपों में सबसे ज्यादा शिकायतें नगर निगम क्षेत्र मेें प्रकाश और सफाई के साथ कूड़ा निस्तारण को लेकर की गई दिखाई पड़ती हैं। ज्यादातर वार्डों में प्रकाश के साथ सफाई की शिकायतें ज्यादा दिखाई पड़ रही हैं। कहीं एलईडी लगा नही तो कहीं खराब है। दूसरे स्थान पर कम वाट की एलईडी लगने की शिकायतें भी हैं। खास बात यह है कि अब नगर आयुक्त के साथ दूसरे अफसर सफाई की लाइव फोटो तत्काल इसी पर मंगवा रहे हैं। लोग भी इसे बेहतर मान रहे हैं। नगर आयुक्त आरएस गुप्त का कहना है कि मानीटरिंग के साथ समस्या निस्तारण की नई व्यवस्था लागू की गई है। इससे लोगों की समस्याएं जल्द दूर कराने में मदद मिल रहा है साथ ही निगम क्षेत्र में सफाई, प्रकाश, पेयजल आपूर्ति आदि व्यवस्थाओं के बारे में लाइव मानीटरिंग की व्यवस्था भी है। समस्याएं धीरे-धीरे समाप्त करने की कोशिश है। ब्यूरो