कायाकल्प की राज्य स्तरीय टीम ने किया निरीक्षण
फैजाबाद। कायाकल्प की राज्य स्तरीय टीम ने मंगलवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण कर यहां मिल रही सुविधाओं व रख-रखाव आदि का जायजा लिया। टीम ने सीएमएस डॉ. हरिओम श्रीवास्तव के साथ अस्पताल की ओपीडी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, पैथोलॉजी, ओटी, ब्लड बैंक, नए भवन समेत सभी वार्डों का गहन निरीक्षण कर मरीजों से भी अस्पताल की ओर से प्राप्त हो रही सेवाओं की जानकारियां लीं। प्रत्येक स्तर पर ग्रेडिंग करते हुए टीम करीब दो घंटे बाद वापस गई। यदि निरीक्षण में सभी मानकों पर खरा उतरते हुए जिला अस्पताल को 70 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए तो अस्पताल को अतिरिक्त अनुदान के रूप में तीन लाख रुपये की धनराशि प्राप्त होगी। इस दौरान अस्पताल में रोज की अपेक्षा बेहतर साफ-सफाई, डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों को परिधान में देखकर मरीज व तीमारदार भी हतप्रभ रहे। टीम में सुल्तानपुर के डीपीएम डॉ. अरशद, व डॉ. आरिफ शामिल रहे।