नगर निगम सीमा विस्तार के खिलाफ प्रधान लामबंद
-हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। नगर निगम सीमा विस्तार की कयावद तेज होने से प्रभावित 24 ग्रामसभाओं के प्रधान एक बार फिर विरोध में लामबंद होने लगे हैं। शनिवार को अखिल भारतीय प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने पंचायत भवन खोजनपुर में बैठक कर सीमा विस्तार का विरोध किया।
संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ रामप्रताप यादव ने कहा कि ग्राम पंचायतों की खुली बैठक में आम जनता ने नगर निगम के शामिल किए जाने का विरोध पूर्व में किया है, गांव की गरीब जनता टैक्स के भार से दब जाएगी। कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायतों के तमाम अधिकार सरकारें सीमित करती जा रही हैं। नियम कानून, पंचायती राज व्यवस्था को ताक पर रखकर सरकार में बैठे हुए प्रमुख सचिव मनमाने ढंग से तानाशाही रवैया अपनाते हुए जनहित के विरुद्ध फैसले लेकर पंचायत व्यवस्था को ध्वस्त कर रहे हैं।
ग्राम प्रधान भीखापुर कौशल यादव ने कहा कि जब खुली बैठक में ग्राम पंचायतें नगर निगम में शामिल किए जाने का विरोध कर चुकी हैं तो जबरदस्ती बगैर उनकी सहमति से सीमा विस्तार किया जाना अन्यायपूर्ण है। ब्लॉक अध्यक्ष मसौधा विनोद कनौजिया ने कहा कि यदि सरकार ने हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो उच्च न्यायालय में जाकर याचिका दायर को विवश होंगे।
इस मौके पर रामकृष्ण पांडेय, शिवमाना यादव, शिवकुमारी, मालती यादव, रेनू यादव, सुनीता सिंह, गौरव सिंह, ऊषा वर्मा, जितेंद्र वर्मा, गुड़िया यादव, छंगू यादव, सुषमा सिंह आदि मौजूद रहे।